स्वर्णकिरण : सुमित्रानंदन पंत Swarna Kiran Sumitranandan Pant




1. भू लता


घने कुहासे के भीतर लतिका दी एक दिखाई,
आधी थी फूलों में पुलकित, आधी वह कुम्हलाई ।
एक डाल पर गाती थी पिक मधुर प्रणय के गायन,
मकड़ी के जाले में बंदी अपर डाल का जीवन ।
इधर हरे पत्ते यात्री को देते मर्मर छाया,
उधर खडी कंकाल मात्र सूनी डालों की काया ।
विहगों के थे गीत नीड़, कृमि कुल का कर्कश क्रंदन,
मैं विस्मय से मूढ़, सोचता था क्या इसका कारण ।

बोली गुंजित हरित डाल, सांसें भर सूखी टहनी,
मैं हूँ भाग्य लता अदृष्ट, मैं सगी काल की बहनी ।
सुख दुख की मैं धूपछाँह सी भव कानन में छाई,
आधे मुख पर मधुर हँसी, आधे पर करुण रुलाई ।
शूल फूल की बीथी, चलता जिसमें रोना गाना,
खोज खोज सब हार गए, मुझको न किसी ने जाना ।
मैंने भी ढूँढा, पर मुझको मूल न दिया दिखाई,
वह आकाश लता सी जीवन पादप पर थी छाई ।

जन मन के विश्वासों से बढ़ती थी वह हो सिंचित,
एक दूसरे से लिपटे थे, जिससे थी वह जीवित ।
सब मिल उसको छिन्न भिन्न कर सकते थे यह निश्चित,
किन्तु उसी के बल पर रे मानव मानव से शोषित ।
नाच रही जो ज्योति ज्योति पिंडों में वैभव भास्वर,
कहती वह, यह छाया मेरी नहीं, तुम्हारी भू चर ।
छोड़ो युग युग का छाया मन, वरो ज्योति मन भव जन,
प्राक्तन जीवन बना भाग्य, चेतना मुक्त हो नूतन ।

2. भू प्रेमी


चाँद हँस रहा निविड़ गगन में, उमड़ रहा नीचे सागर,
इंद्रनील जन लहरों पर मोती की ज्योत्स्ना रही बिखर ।
महानील से कही सघन मरकत का यह जल तत्व गहन,
जिसमें जीवन ने जीवों का किया प्रथम आश्चर्य सृजन ।

जल से भी निष्ठुर धरती का लेकर धीरे अवलंबन
जलज जीव ने सजग बढ़ाए क्रम विकास के अथक चरण ।
भू के गहरे अंधकार में वही जीव अनिमेष नयन
देख रहा नभ ओर ज्योति के लिए, जहाँ रवि शशि उडुगण ।

धरती के पुलिनों में उसकी आकांक्षाएँ उद्वेलित
फिर फिर उठतीं गिरतीं ऊपर के प्रकाश से आंदोलित ।
अच्छा हो, भू पर ही विचरे यह भू का प्रेमी मानव,
मधुर स्वर्ग आकर्षण से नित होता रहे तरंगित भव ।
विस्तृत जो हो जाए मानव अंतर, चेतनता विकसित,
आत्मा के स्पर्शों से भू रज सहज हो उठेगी जीवित ।
अंतर का रुपांतर हो औ' बाह्य विश्व का रुपांतर,
नव चेतना विकास धरा को स्वर्ग बना दे चिर सुन्दर ।

निर्भर जन मन के विकास पर सामाजिक जीवन निश्चित,
संस्कृति का भू स्वर्ग अमर आत्मिक विकास पर अवलंबित ।

3. चंद्रोदय


वह सोने का चाँद उगा ज्योतिर्मय मन सा,
सुरंग मेघ अवगुंठन से आभा आनन सा ।
उज्जवल गलित हिरण्य बरसता उससे झर झर,
भावी के स्वप्नों से धरती को विजड़ित कर ।

दीपित उससे अंतरिक्ष पर मेघों का घर,
वह प्रकाश था कब से भीतर नयन अगोचर ।
इंदु स्रोत से ही रस स्रवित निभृत अभ्यंतर,
प्राणों की आकांक्षा के वैभव से सुंदर ।

वह प्रकाश का बिम्ब मोहता मानव का मन,
स्वप्नों से रंजित करता भू का तमिस्र घन ।
आत्मा का पूषण वह, मनसोजात चंद्रमस्,
जिससे चिर आंदोलित जग जीवन का अंभस् ।

देव लोक मेखला, इंदु पूषण का अंतर,
सृजन शक्तियाँ देव, इंद्र है जिनका ईश्वर ।
दिव्य मनस् वह, निखिल विश्व का करता चालन,
पोषित उससे अन्य प्राण मन का जग जीवन ।

वह सोने का चाँद उठा ज्योतित अधिमन सा ,
मानस के अवगुंठन के भीतर पूषण सा ।
दुग्ध धार सी दिव्य चेतना बरसा झर झर,
स्वप्न जडित करता वह भू को स्वर्जीवन भर ।

4. छाया पट


मन जलता है,
अंधकार का क्षण जलता है,
मन जलता है ।
मेरा मन तन बन जाता है,
तन का मन फिर कट कर,
छंट कर,
कन कन ऊपर
उठ पाता है ।
मेरा मन तन बन जाता है ।

तन के मन के श्रवण नयन हैं,
जीवन से संबंध गहन हैं,
कुछ पहचाने, कुछ गोपन हैं,
जो सुख दुख के संवेदन हैं ।
कब यह उड़ जग में छा जाता,
जीवन की रज लिपटा लाता,
घिर मेरे चेतना गगन में
इंद्रधनुष घन बन मुसकाता ?
नही जानता, कब, कैसे फिर
यह प्रकाश किरणें बरसाता ।
बाहर भीतर ऊपर नीचे
मेरा मन जाता आता है,
सर्व व्यक्ति बनता जाता है ।

तन के मन में कहीं अंतरित
आत्मा का मन है चिर ज्योतित,
इन छाया दृश्यों को जो
निज आभा से कर देता जीवित ।
यह आदान प्रदान मुझे
जाने कैसे क्या सिखलाता है ।
क्या है ज्ञेय ? कौन ज्ञाता है ?
मन भीतर बाहर जाता है ।

मन जलता है,
मन में तन में रण चलता है,
चेतन अवचेतन नित नव
पारिवर्तन में ढलता है ।
मन जलता है ।

5. द्वा सुपर्णा


दो पक्षी हैं : सहज सखा, संयुक्त निरंतर,
दोनों ही बैठे अनादि से उसी वृक्ष पर ।
एक ले रहा पिप्पल फल का स्वाद प्रतिक्षण,
विना अशन दूसरा देखता अंतर्लोचन ।
दो सुह्रदों-से मर्त्य अमर्त्य सयोनिज होकर,
भोगेच्छा से ग्रसित, भटकते नीचे ऊपर,
सदा साथ रह, लोक लोक में करते विचरण,
ज्ञात मर्त्य सब को, अज्ञात अमर्त्य चिरंतन ।

कहीं नहीं क्या पक्षी ? जो चखता जीवन फल,
विश्व वृक्ष पर नीड़, देखता भी है निश्चल ।
परम अहम् औ' द्रष्टा भोक्ता जिसमें सँग सँग हैं
पंखों में बहिरंतर के सब रजत स्वर्ण रंग ।
ऐसा पक्षी, जिसमें हो संपूर्ण संतुलन,
मानव बन सकता है, निर्मित कर तरु जीवन ।
मानवीय संस्कृति रच भू पर शाश्वत शोभन,
बहिरंतर जीवन विकास की जीवित दर्पण ।
भीतर बाहर एक सत्य के रे सुपर्ण द्वय,
जीवन सफल उड़ान, पक्ष संतुलन जो, विजय ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Rajasthani Lokgeet Lyrics in Hindi राजस्थानी लोकगीत लिरिक्स

बुन्देली गारी गीत लोकगीत लिरिक्स Bundeli Gali Geet Lokgeet Lyrics

Amir Khusrow Dohe Kavita अमीर खुसरो के दोहे गीत कविता पहेलियाँ